समस्तीपुर : खगड़िया लोकसभा से विगत चुनाव में महागठबंधन के सांसद प्रत्यासी रहे संजय कुमार ने महागठबंधन के नेताओं के साथ गंगा की प्रलयंकारी बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा कर प्रभावित परिवारों से मिल कर उनका हाल जाना, साथ ही सरकार और प्रशासन के द्वारा पीड़ित परिवारों को दिए जाने वाले रिलीफ की भी जानकारी हासिल किया।
संजय कुमार ने कहा कि गंगा में दोबारा आयी बाढ़ ने प्रलयंकारी रूप धारण कर लिया, जिससे जिले की एक चौथाई आबादी बूड़ी तरह प्रभावित हो गई। उन्होंने कहा महागठबंधन की टीम बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने हेतु खगड़िया प्रखंड के सोनवर्षा, कुम्हारचक्की, कल्लर टोला, दुर्गापुर, चम्मन टोल, तारतर, मथार,बरखंडी टोल, मानसी प्रखंड के जालिम बाबू टोला, एकनिया और चैद्याबन्नी, गोगरी प्रखंड के बन्नी, बोरना, भदलाई, मीरगंज, रामपुर, परबत्ता प्रखंड के भरसों, सलारपुर, बिसौनी, छोटी लगार, लगार और तेमथा करारी आदि दर्जनों गांवों का दौरा किया। उन्होंने कहा महागठबंधन टीम का साफ मानना है कि इस बाढ़ प्रभावित इलाके का बहुत बुरा हाल है। इन इलाके के अस्सी प्रतिशत घरों में बाढ़ का पानी पूरी तरह से घुस कर भारी क्षति किया है। क्षेत्र का पूरा इलाका जलमग्न है। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे नदी के बांध, सड़क के पगडंडी, एनएच और घर के क्षतों का सहारा ले रखे हैं। पीड़ित लोग खुले आकाश के नीचे चिलचिलाती तेज धूप में बेहाल हो रहे हैं, जिन्हें प्रभावित लोगों के अपेक्षा के अनुसार बहुत कम पॉलिथीन सीट दिया जा रहा है। तत्काल खाने के संकट समाधान हेतु जो सामुदायिक किचेन बड़े पैमाने पर खोलना चाहिए, उसमें भारी कमी देखी जा रही है। जो खुला भी है, वहां आवश्यकतानुसार खाद्य सामग्री की पूर्ति नहीं हो रही है। पीने के पानी, शौचालय, नाव और स्वास्थ्य केन्द्र की भारी कमी के चलते बाढ़ पीड़ित लोग त्राहिमाम हैं। पानी से घिरे पशु को बाहर निकालने और पशु चारा की उपलब्धता नहीं कराने से अब कुछ जगहों से पशुओं के मरने की खबरें भी आने लगी है। नेताओं ने कहा इस भीषण हालत के बावजूद भी सरकार और प्रशासन रिलीफ का उचित व्यवस्था नहीं कर रही है, लोगों के धैर्य टूट रहे हैं, और मजबूरन बाढ़ पीड़ित लोग कहीं कहीं आक्रोशित होकर सड़कों पर उतर आते हैं। महागठबंधन का स्पष्ट मांग है कि वर्ष 2021 में आई बाढ़ से जिस तरह निपटा गया, उसी लीक पर रिलीफ कार्य को द्रुत गति से आगे बढ़ाया जाय। नेताओं ने कहा जल्दी से जल्दी इन प्रभावित इलाके को तुरन्त बाढ़ क्षेत्र घोषित किया जाय।महागठबंधन के टीम में खगड़िया लोकसभा से महागठबंधन की ओर से सांसद प्रत्याशी रहे संजय कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुमार भानुप्रताप उर्फ गुड्डू पासवान, रहीमपुर मध्य के पूर्व मुखिया व समाजसेवी संजय यादव, जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश यादव, सीपीआईएम नेता सुरेन्द्र प्रसाद, नवीन चौधरी, अर्जुन सिंह, सुरेश यादव, जमादार शर्मा, राजद नेता प्रभाकर यादव और कांग्रेस नेता राजा गुप्ता आदि महागठबंधन परिवार के लोग शामिल थे।